Loading...
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए : माता-पिता द्वारा प्रदत्त संस्कार जीवनभर संतान के साथ रहते हैं । वे पालक हैं, पोषक हैं, साथ ही रक्षक भी हैं । घर-परिवार की जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाने का दायित्व उनके कंधों पर ही है । जीवन में अनुशासन रखना कठिन कार्य है, इसमें व्यक्ति को आराम नहीं मिलता । किसी को भी अनुशासित रहना अर्थात् बँधे हुए जीना पसन्द नहीं आता । लेकिन सच्चाई यही है कि बिना अनुशासन के जीवन में संतुलन नहीं रह पाता और हम अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं । इस बात को पतंग के उदाहरण से समझ सकते हैं । एक उड़ती हुई पतंग आसमान पर तब तक राज करती है, जब तक वह डोर से बँधी है । कट जाने पर वह अपना अस्तित्व खो देती है । हमारे जीवन में अनुशासन की यह डोर माता-पिता के हाथों में रहती है । वे ही जीवन को अनुशासित करते हैं । जो बच्चे अनुशासित जीवन जीते हैं, वे आगे जाकर सफल व्यक्ति बन जाते हैं । माता भावनात्मक रूप से साथ जुड़ती है, पिता संघर्षों में ढाल बनकर उसको मजबूती प्रदान करता है । पिता-पुत्र, पिता-पुत्री, सभी रिश्तों में गरिमा है, अनुशासन है, सामंजस्य है, प्रेम है तभी जीवन में सुख बरसता है । माता-पिता की भूमिका जीवन में उस समय और महत्त्वपूर्ण हो जाती है, जब आप कठिन परिस्थितियों में उचित निर्णय नहीं ले पाते । उनके मार्गदर्शन में ही जीवन की गहराइयों की समझ व्यक्ति को हो पाती है ।
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए : जलवायु परिवर्तन के साथ जैसे-जैसे मौसम का 'पैटर्न' समुद्र के स्तर को प्रभावित कर रहा है, नदी प्रणालियों में भूकम्प से होने वाले महाविनाशकारी परिवर्तनों को समझना अपरिहार्य हो चला है। धरती लगातार हिल रही है। पहाड़ों में दरारें पड़ रही हैं। नदियाँ वैसे भी, विशेष रूप से मार्ग और प्रवाह में परिवर्तन के प्रति संवेदनशील होती हैं। भूकम्प से नदी मार्ग में परिवर्तन के विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं, जिससे संपत्ति, कृषि और बुनियादी ढाँचे को भारी नुकसान पहुँच सकता है। हाल में, जब अध्येताओं की एक टीम ने ढाका से सौ किलोमीटर दक्षिण में नदी की पुरानी मुख्यधारा खोजने के लिए सैटेलाइट चित्रों का इस्तेमाल किया तो उस इलाके में भूकम्पीय संकेत-चिह्न मिले। इस क्षेत्र में गंगा और ब्रह्मपुत्र की प्लेटें करीब होने से यहाँ अकसर तेज भूकम्प आते रहे हैं। डेल्टा वाले नदी क्षेत्र में उच्च तीव्रता का भूकम्प आने पर प्रवाह का रास्ता पूरी तरह बदल सकता है। वहाँ तबाही इसलिए बहुत भयावह होगी, क्योंकि अब उस क्षेत्र में लाखों की घनी बसावट है। भूकम्पीय गतिविधियों और नदियों के प्रवाह पर बारीक नजर रखे हुए वैज्ञानिक लगातार ऐसे जोखिम वाले तमाम वैश्विक क्षेत्रों की पहचान करने में जुटे हैं। सब कुछ के बावजूद, किसी भूकम्प के सटीक मापदंडों या किसी भी क्षण नदी के बहाव के बारे में पूर्वानुमान लगाना असंभव है।
Read the passage given below and answer in Hindi the questions that follow, using your own words as far as possible : – निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उसके नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर हिन्दी में दीजिए। उत्तर यथासंभव आपके अपने शब्दों में होने चाहिए :– रामू एक किसान था। वह अपने खेतों में दिन-रात कठोर परिश्रम करता। इस बार उसकी मेहनत और ईश्वर की कृपा से उसके खेतों में इतना अनाज उगा कि जिसकी आमदनी से उसकी वर्षों की गरीबी मिट गई। बारिश के मौसम में उसकी फूस की छत से पानी बहकर घर में टपकता जिससे घर की मिट्टी की दीवारें भी नमी से गल जाती थीं और उसका घर गिर जाया करता था। इस बार हुए धन-लाभ से उसने अपने कच्चे घर की जगह एक नया और पक्का घर बनाने का निश्चय किया। रामू ने घर बनाने के लिए सारा सामान मँगा लिया था। बस आँगन में खडे नीम के पेड़ को काटना शेष रह गया था जिसके कारण घर की नींव खोदना मुश्किल हो रहा था। उसने पेड़ काटने के लिए कुल्हाड़ी लाने अपने बेटे को पड़ोस में भेजा और स्वयं थोड़ी देर आराम करने के लिए पेड़ की छाया में लेट गया। थकान के कारण लेटते ही उसकी आँखें लग गई और वह सपनों की दुनिया में पहुँच गया। उसने देखा - उसके दादाजी एक नन्हा-सा पौधा लगा रहे हैं और उसके पिताजी पास खड़े उनकी सहायता कर रहे हैं। एक छोटा-सा बालक उन दोनों के साथ उत्साह और खुशी से घूम रहा है। यह छोटा बालक रामू ही था और वह भी उन दोनों के साथ उस पेड़ की बहुत देखभाल किया करता था। दिनोंदिन वह पेड़ बड़ा होता गया और उसके तने व टहनियों के आसपास खेलता हुआ रामू भी बड़ा होने लगा। दादाजी तो गुजर गए थे परंतु उस पेड़ की गोद में उसे दादाजी की गोद में होने का अहसास होता था। उसे लगा मानो वे दोनों उससे पूछ रहे हैं - “रामू, क्या तुम भूल गए यह पेड़ केवल पेड़ नहीं, हमारे घर का एक सदस्य है, इसने कितनी ही धूप और बरसातों में हमारी रक्षा की है। इसकी डालों पर तुमने कई सावन झूलें झूले हैं। इसकी प्राणवायु से हमारे घर के चारों ओर, दूर तक के दायरें में शुद्धता, शीतलता और स्वस्थता विद्यमान रहती है। रोग हमारे घर के सदस्यों को छू भी नहीं पाता। इसकी दातुन, निबोरियाँ और पत्तियाँ हमारे लिए कितनी उपयोगी हैं! प्रचंड गर्मियों की दोपहर में घर के सारे सदस्य इसके नीचे आकार ही चैन पाते हैं। पथिक इसकी छाया में विश्राम करते और हम सभी को आशीर्वाद देकर जाते। मोर, कोयल, तोते और भी न जाने कितने ही पक्षियों और जीवों के लिए यह पेड़ उनका आश्रय-स्थान है। अकाल के समय अपनी सूखी लकड़ियों को देकर इसने तुम्हारे पिता के बड़े भाई के समान घर चलाने में सहायता की थी। इसने कभी तुमसे कुछ नहीं माँगा। हम सभी इसके कृतज्ञ हैं। आज तुम इसे काटकर सैकड़ों पशु-पक्षियों और जीवों को गृह-हीन क्यों करना चाहते हो। क्या इसकी हत्या करने के, इसे काटने के पाप को करने के बाद तुम अपने नए घर में शांति से जी पाओगे?” रामू की आँखों से आँसू निकल पड़े तभी उसके बेटे की आवाज़ आई - “बाबा लो, मैं कुल्हाड़ी ले आया।” रामू की आँखें मानो खुल गई थीं। अपनी अश्रूपूरित आँखों से वह पेड़ के तने से लिपटकर क्षमा-याचना करने लगा। अपनी कोमल शाखाओं से नीम ने भी उसे अपने गले लगाकर माफ़ कर दिया। रामू ने नीम के पेड़ से एक हाथ की दूरी पर अपने नए मकान की नींव खोदकर अपना नया घर बनाया। नीम की शीतल छाया उसके घर पर सदैव एक बुजुर्ग के आशीर्वाद के समान बनी रही।
Read the passage given below and answer in Hindi the questions that follow, using your own words as far as possible :— निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उसके नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर हिंदी में दीजिए। उत्तर यथासंभव आपके अपने शब्दों में होने चाहिए :— बसंत ऋतु का आगमन हो चुका था, परंतु कोयल और मोर उदास थे। जंगल के राजा ने एक जाँच आयोग का गठन करवाया जिसका प्रमुख कौवा बनाया गया। जाँच द्वारा पता चला कि कोयल और मोर एक ही घर की मुंडेर पर बैठे थे कि तभी उनकी नजर घर पर चल रहे टेलीविज़न पर पड़ी, जिस पर नृत्य का कार्यक्रम दिखाया जा रहा था। दोनों ही बड़े चाव से कार्यक्रम देखने लगे। नृत्यांगना मोर पंख पहनकर नाच रही थी, गायिका मधुर स्वर में गा रही थी। कार्यक्रम की समाप्ति पर दोनों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम देखकर दोनों उदास हो गए। वे सोचने लगे कि हम दिन रात मधुर वाणी और मनमोहक अदाओं से सबका मन बहलाते हैं, पर हमारी प्रशंसा में किसी ने कुछ नहीं कहा। कौवे को जब इन बातों का पता चला तो उसने दोनों को समझाया कि पक्षियों में सबसे अधिक निरादर की भावना से मुझे देखा जाता है। मेरे सारे गुणों को ताक पर रख दिया जाता है। हम आसपास से गंदगी साफ कर देते हैं। हम अन्य पक्षियों की तरह झगड़ते नहीं है। हमारे जैसा भाईचारा तो मनुष्यों में भी नहीं होता। जब हमारा साथी मर जाता है तो हम सभी एकत्र होकर काँव-काँव कर अपना दुख प्रकट करते हैं। हम मित्रों और मेहमानों के आगमन की सूचना देते हैं। लोग हमारी कद्र नहीं करते। गीता के उपदेश की तरह हम अपने कार्य को करते हैं, फल की इच्छा नहीं करते। क्या तुम आज तक प्रशंसा और पुरस्कार के लिए गाते और नाचते रहे। इस पर्यावरण को खुश रखने में क्या तुम्हारी सबसे अहम भूमिका नहीं है ? कौवे की बातें उन दोनों की समझ में आ गई। उसी समय जंगल में काले बादल छा गए। कोयल और मोर झूम-झूम कर नाचने और गाने लगे। सारे जंगल में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके साथ-साथ सभी पशु-पक्षी, पेड़-पौधे झूमने, गाने और चहचहाने लगे। मोर नाचता रहा, उसके आँसू बहते रहे। कौवे ने कहा, भगवान कृष्ण तुम्हारे पंख अपने सिर पर लगाते हैं। क्या इससे भी बढ़कर तुम्हारा पुरस्कार हो सकता है ? इसी भाव से कोयल को भी समझाया कि तुम ही तो बसंत के आगमन की सूचना देती हो। आमों की बहार आने की खुशियाँ देती हो। यह सब सुन कर दोनों की आँखों में खुशी के आँसू थे।
Read the passage given below and answer in Hindi the questions that follow, using your own words as far as possible :— निम्नलिखित गद्यांश को ध्यान से पढ़िए और उस के नीचे लिखे प्रश्नों के उत्तर हिन्दी में लिखिए। उत्तर यथासंभव आपके अपने शब्दों में होने चाहिए :— दक्षिण पूर्वी एशिया के दो छोटे किन्तु महत्वपूर्ण देश हैं – कंबोडिया और लाओस। कई वर्ष पहले की बात है इन दोनों देशों में पहले अच्छी मित्रता हुआ करती थी लेकिन अब ये दो पड़ोसी देश आपस में युद्ध करने की तैयारी कर रहे थे। झगड़ा दोनों देशों में बहने वाली एक नदी को लेकर था। नदी का नाम था ‘मीकांग’ जो लाओस से निकलकर कंबोडिया में बहती थी। दोनों देशों के लिए यह नदी बहुत महत्वपूर्ण थी। साथ ही दोनों देशवासी उसे पूजते भी थे। नदी के पानी की सिंचाई से दोनों देशों के खेत हरे-भरे रहते थे। दोनों देश मीकांग को जीवनदायिनी समझते थे दोनों का उस पर दावा था। इस मामले को लेकर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक बार वे एक-दूसरे के देश पर हमला करने को तैयार हो गए और अपनी-अपनी सेनाएँ लेकर आमने-सामने खड़े हो गए। अचानक महात्मा बुद्ध वहाँ युद्ध भूमि में पहुँच गए। उन्होंने युद्ध के लिए तैयार देशों की विशाल सेनाएँ देखी। महात्मा बुद्ध को इस प्रकार वहाँ अचानक देखकर दोनों की सेनाओं में खलबली मच गई। बुद्ध ने दोनों देशों के राजाओं, मंत्रियों तथा अन्य अधिकारियों को अपने पास बुलाया। दोनों सेनाओं के बीच खड़े हो कर उन्होंने उन सभी से प्रश्न किया कि वे लोग आपस में क्यों युद्ध करने जा रहे हैं ? बुद्ध को दोनों सेनाओं से यही जवाब मिला कि उन के जीवन की आधार ‘मीकांग’ नदी के जल के लिए यह युद्ध होने जा रहा है। बुद्ध ने पुनः प्रश्न किया कि नदी के जल और मानव के रक्त दोनों में से कौन अधिक मूल्यवान है। एक स्वर में दोनों ओर से जवाब मिला कि मानव का रक्त निस्संदेह नदी के जल से अधिक मूल्यवान् है। भगवान बुद्ध ने दोनों पक्षों को समझाते हुए कहा कि शायद दोनों देशों की आपसी ईर्ष्या के कारण स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें लगने लगा था कि इस नदी के जल को बाँटने की समस्या का हल केवल युद्ध से हो सकता है। बुद्ध ने उन्हें समझाया कि समस्याओं का हल युद्ध के द्वारा निकालना संभव नहीं है। महात्मा बुद्ध की बातों को सुनकर दोनों सेनाओं में शांति छा गयी और दोनों पक्षों के लोग सोच में पड़ गए महात्मा बुद्ध के सुझाव के अनुसार उन दोनों देशों ने मिल कर एक शांति सभा बनाई। उस शांति सभा ने दोनों देशों के दावे को ध्यान से सुना। उन्होंने दोनों देशों में जाकर असली स्थिति को अपनी आँखों से खुद देखा और समझा कि यह नदी तो इन दोनों के लिए ही समान महत्त्व रखती है। फिर इसके लिए विवाद कैसा ? इसी विषय पर खूब सोच-विचार करने के बाद, अंत में उस सभा ने एक दिन ऐसा निर्णय दिया कि दोनों देश मान गए। आखिरकार उन के बीच होने वाला युद्ध टल गया और दोनों देशों में फिर से मित्रता हो गई। इसलिए कहते हैं कि मनुष्य का विवेक और समझ एक ऐसी शक्ति होती है जिसके द्वारा मानव हिंसात्मक और सर्वनाशकारी युद्धों तक को रोक सकता है और शांति के साथ प्रेमपूर्वक जीवन बिता सकता है तथा दूसरों के लिए प्रेरणा भी बन सकता है।
Read the passage given below and answer in Hindi the questions that follow, using your own words as far as possible :— निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उसके नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर हिन्दी में दीजिए। उत्तर यथासंभव आपके अपने शब्दों में होने चाहिए :— एक उथला तालाब मछलियों से भरपूर था। उसमें तीन विशालकाय मछलियाँ भी रहती थीं, जो पक्की सखियाँ थी। इनमें पहले वाली मछली दूरदर्शी एवं दीर्घकाल की बात सोचने वाली थी, दूसरे की प्रतिभा ठीक समय पर काम करने वाली थी, परंतु तीसरी मछली आलसी और प्रत्येक काम को देरी से करने वाली थी। एक दिन कुछ मछुवारों ने इस कम गहराई वाले तालाब से पानी की छोटी-बड़ी नालियाँ बनाकर नीचे वाली भूमि की ओर प्रवाहित करना प्रारंभ कर दिया, ताकि पानी कम होने से वे सुगमता से वहाँ की मछलियाँ तथा दूसरे जल-जीवों को पकड़ सकें। सरोवर के घटते जलस्तर को देखकर दूरदर्शी मछली ने अपनी दोनों सखियों से कहा– “सखियों! ऐसा जान पड़ता है कि हमारे ऊपर संकट के बादल घिरने लगे हैं। जब तालाब का पानी कम हो जाएगा तो मछुआरे हमें शेष मछलियों के साथ आसानी से पकड़ सकते हैं अतः हमें जलाशय का पानी कम होने से पूर्व ही किसी अन्य सरोवर में पहुँचने का मार्ग ढूँढना चाहिए। बुद्धिमान वही है जो आने वाले संकट को पहले से ही अपनी नीति द्वारा मिटा देता है।” इस पर साधारण बुद्धि वाली मछली कहने लगी– “हे सखियों! तुम्हारी बात सर्वथा उचित है, परन्तु मेरे विचारानुसार हमें अभी तालाब छोड़ने की शीघ्रता नहीं करनी चाहिए।” उसी समय तीसरी मछली अपनी सखियों से कहने लगी– “जब मेरे ऊपर संकट आएगा तो उसी समय मैं अपने बचाव का उपाय करूँगी। अभी तो मैं जी भरकर अन्य छोटे जीवों तथा मछलियों को खाकर आराम से सोना चाहती हूँ। बाद में जो होगा देखा जाएगा।” जब तीनों सखियाँ संकट की इस घड़ी में भी एक मत नहीं हो सकीं तो परम बुद्धिमान दूरदर्शी मछली रात को ही वहाँ से पानी की नालियों द्वारा निकलकर किसी दूसरे गहरे जलाशय में चली गई। कुछ समय पश्चात मछुआरों ने देखा कि तालाब का सारा पानी लगभग बाहर निकल चुका है तो उन्होंने अपना जाल बिछाकर अनेक मछलियों सहित दोनों मछलियों को भी उसमें फँसा लिया। दूसरी मछली जब जाल में फँस गयी तो उसने जान बूझकर अपनी श्वास रोक ली तथा निश्चल होकर मरने का ढोंग करने लगी। जब मछुआरों ने देखा कि वह मछली तो मर चुकी है, तो उन्होंने उसे अपने जाल से निकालकर फेंक दिया। वह किसी तरह घिसटती हुई एक जलाशय में समा गई और इस प्रकार उसने अपने प्राणों की रक्षा की। परंतु आलसी तथा मूर्ख तीसरी मछली भाग्य पर भरोसा करती हुई जाल में फँसी तड़पती रही। मुसीबत के समय उसे अपनी मृत्यु को निकट आते देख कुछ भी सूझ नहीं रहा था। मछुआरों ने आते ही अन्य मछलियों के साथ उसे भी जाल से निकाला और उसे उठाकर बाज़ार में बेचने के लिए चल पड़े। ऋषियों तथा विद्वानों ने धर्म शास्त्रों में लिखा है जो प्राणी संकट आने से पहले ही अपने बचाव के लिए उपाय सोचे उसे दूरदर्शी और जो ठीक समय आने पर आत्मरक्षा के बारे में विचार करे उसे साधारण बुद्धि कहा जाता है। एक अन्य प्रकार का जीव भी होता है जिसे दीर्घसूत्री कहा जाता है। ऐसा व्यक्ति अपने आलस्य के कारण घोर संकट को प्राप्त करता है। जो व्यक्ति सोच समझकर सावधान होकर कार्य करता है वह निश्चय ही अपनी इच्छानुसार फल प्राप्त करता है। कार्य को भविष्य पर छोड़ने वाला व्यक्ति जीवन में उन्नति नहीं कर सकता। सच है ‘आलस्य मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है।’ निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर यथासंभव अपने शब्दों में लिखिए :
© 2026 PadhAiPro. This question is provided for educational purposes.